CG Double Murder Case: Cameraman Turns Out to Be the Killer in Elderly Couple’s Double Murder Case; Orchestrated a Plot Involving Robbery and Murder
CG Double Murder Case : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में हुए बुजुर्ग दंपत्ति के दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक वीडियोग्राफर, दो सगे भाई और उनका पिता शामिल है।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुरेंद्र यादव पेशे से वीडियोग्राफर है। वह कुछ समय पहले मृतक परिवार के यहां शादी में वीडियोग्राफी करने आया था। इसी दौरान उसे यह जानकारी मिली कि बुजुर्ग दंपत्ति घर में अकेले रहते हैं और उनके पास काफी मात्रा में जेवर और नकदी मौजूद है।
इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने साथी गजेंद्र पाल दिनकर के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। पहचान छुपाने के लिए दोनों आरोपियों ने मुखौटे, टोपी और नकली बालों का इस्तेमाल किया। वारदात की रात दोनों आरोपी घर की छत के रास्ते अंदर घुसे।
जैसे ही आरोपी घर में दाखिल हुए, बुजुर्ग संतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई की नींद खुल गई। उन्होंने आरोपियों को देख शोर मचाने की कोशिश की, जिससे घबराकर सुरेंद्र यादव ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतका के पैर में पहनी चांदी की पायल और गले का सोने का हार लूट लिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। फरार होते समय आरोपी गजेंद्र ने लूटा हुआ हार अपने पिता श्यामरतन दिनकर को दे दिया, जो बाहर रेकी कर रहा था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गयी। जांच के दौरान पता चला कि गजेंद्र दिनकर घटना के बाद से गांव से गायब है। उसे बिलासपुर जिले के नवागांव से हिरासत में लिया गया।

