Aerial firing in VIP area, arrested within 2 hours
रायपुर : रायपुर के वीआईपी इलाके में देर रात हवाई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मामला कटोरा तालाब स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में मसाज सेवा देने से मना करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे महिला द्वारा संचालित ब्यूटी पार्लर और स्पा में दो युवक पहुंचे। दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ जा चुका था, इसके बावजूद दोनों स्पा सेवा देने की जिद करने लगे। मना करने पर वे बहस करने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पुलिस को अगले दिन दोपहर में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46), निवासी शेखपुर प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), जो प्राइवेट पीएसओ बताया जा रहा है, और अंगद सिंह (33), निवासी आदर्श नगर मोवा रायपुर, जो पेशे से ड्राइवर है, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

