CG ACB ACTION : SI-ASI arrested while taking bribe
रायपुर, 24 फरवरी। ईओडब्ल्यू एसीबी ने लंबे समय बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के एक एसआई और एएसआई को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिस चौकी में ही घूस ले रहे थे।
एसीबी के अनुसार, सत्येंद्र कुमार प्रजापति के घर निर्माण के लिए मजदूर मोहित घसिया ईंट बनाने का काम कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया, जिसमें मजदूर के बेटे की डूबने से मौत हो गई थी।
मृत्यु की जांच के नाम पर पुलिस चौकी बचरापोड़ी के एएसआई गुरु प्रसाद यादव ने सत्येंद्र कुमार प्रजापति से आपराधिक मामला दर्ज न करने और केस रफा-दफा करने के एवज में 21 फरवरी को 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सत्यापन के बाद 22 फरवरी को 25 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।
इसी बीच चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ ने 23 फरवरी को प्रजापति को रकम लेकर मंगलवार को चौकी बुलाया। जैसे ही 25 हजार रुपये की रिश्वत ली गई, एसीबी अंबिकापुर की टीम ने एसआई अब्दुल मुनाफ को रंगे हाथ पकड़ लिया।
रिश्वत मांगने के आरोप में एएसआई गुरु प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

