CG CRIME : Body of missing Raipur girl found in Rajim
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नहर किनारे एक युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला राजिम थाना क्षेत्र के श्यामनगर-देवरी मार्ग का है। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और तलाश करने पर झाड़ियों के पास युवती का शव मिला।
सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अमृत साहू के मुताबिक, पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में बदबू की शिकायत मिल रही थी। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने बदबू के स्रोत की खोज की तो नहर किनारे शव दिखाई दिया। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई।
प्रारंभिक जांच में शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि चंचल 30 जनवरी से घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और कॉल डिटेल्स समेत अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

