एमआईसी बैठक में बड़े फैसले: 10 AC बस स्टॉप निर्माण प्रस्ताव निरस्त, 69 दुकानदारों का पुनर्वास सहित जनहित में कई निर्णय

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

रायपुर – आज रायपुर नगर पालिक निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक महापौर श्रीमती मीनल चौबे की अध्यक्षता और आयुक्त श्री विश्वदीप, एमआईसी सदस्य सर्वश्री महेंन्द्र खोडियार, मनोज वर्मा, अवतार भारती बागल, दीपक जायसवाल, संतोष सीमा साहू, अमर गिदवानी, नंदकिशोर साहू, भोलाराम साहू, श्रीमती सरिता आकाश दुबे, श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय, श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, श्रीमती संजना संतोष हियाल एवं अधिकारियों की उपस्थिति में रायपुर नगर निगम में हुई, जिसमे रायपुर शहर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इन निर्णयों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ करना, सड़क एवं नाला निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, वायु गुणवत्ता सुधार, नागरिक सुविधाओं का विस्तार तथा जनकल्याण से जुड़े विषय शामिल हैं। नगर निगम का स्पष्ट उद्देश्य रायपुर शहर को और अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं रहने योग्य बनाना है।
बैठक में ऐसे प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा। साथ ही सभी कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन शहर की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर निर्णय ले रहा है।

मुख्य एजेण्डा

1. मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों को क्रिस्टल आर्केड के सामने दुकान निर्माण कर व्यवस्थित रूप से बसाने का निर्णय लिया गया है। दुकान निर्माण पूर्ण होने के बाद जिला आबंटन समिति के माध्यम से दुकानों का आबंटन किया जाना प्रस्तावित है।

यह कार्य दुकानदारों की सहभागिता से, नियोजित एवं पारदर्शी प्रक्रिया में होगा और म्यूनिसिपल बॉन्ड आधारित विकास योजना का हिस्सा रहेगा। हमारा उद्देश्य है सभी हितग्राहियों को सम्मानजनक और स्थायी आजीविका देना।

2. रायपुर शहर के 6 प्रमुख मार्गों को नो-फ्लेक्स जोन घोषित किया गया है, जहा अवैध फ्लेक्स, बैनर व पोस्टर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे जिससे शहर स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित रहेगा एवं उल्लंघन की स्थिति में अनाधिकृत विज्ञापनों को तत्काल हटाने, जुर्माना लगाने एवं हटाने का खर्च संबंधित विज्ञापनकर्ता से वसूला जायेगा। उक्त कार्य हेतु संबंधित जोन के जोन आयुक्त की जिम्मेदारी होगी। उक्त क्षेत्रों में केवल शासकीय विज्ञापनों को छूट प्रदान की गई है।

प्रमुख मार्गों के नामः-

1) जी.ई. रोड अंतर्गत टाटीबंध चौक से जयस्तंभ चौक होते हुए तेलीबांधा थाना मुख्य मार्ग।

2 ) पचपेडी नाका चौक से लालपुर ओवरब्रिज तक।

3) भगत सिंह चौक से छत्तीसगढ़ क्लब होते हुए केनाल रोड सिग्नल तक एवं मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइन के आसपास ।

4) एन.आई.टी. रायपुर से गोल चौक होते हुए रायपुर चौक तक।

5) जयस्तंभ चौक से कोतवाली चौक होते हुए बिजली ऑफिस चौक तक ।

6) महिला थाना चौक से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक तक।
3. रायपुर शहर की प्रमुख सड़कों के डिवाईडर और विज्ञापन संरचनाएं शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था से सीधे जुड़ी हैं। इनका नियमित संधारण सफाई, पेंटिंग और हरियाली का रख-रखाव बहुत आवश्यक है। सीमित संसाधनों को देखते हुए यह जिम्मेदारी संबंधित विज्ञापन एजेंसियों को दी जा रही है। इससे रख-रखाव समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होगा। अवैध पोस्टर और अव्यवस्था पर भी प्रभावी नियंत्रण रहेगा। नगर निगम गुणवत्ता की सतत निगरानी करेगा। यह निर्णय स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर रायपुर की दिशा में एक ठोस कदम है।

4. रायपुर शहर के तेजी से विस्तार और बढ़ती जनसंख्या के साथ जल आपूर्ति को देखते हुए जल बोर्ड के गठन का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में अलग-अलग जोन और वार्डों में जल वितरण, पाइप लाइन विस्तार एवं जल गुणवत्ता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान में व्यवहारिक कठिनाइयों आ रही हैं। इन्हीं समस्याओं के स्थायी और प्रभावी समाधान के लिए नगर निगम द्वारा एक समर्पित जल बोर्ड का गठन किया जा रहा है।

5. अधोसंरचना मद के अंतर्गत वामनराव लाखे वार्ड क्र.66 (रिंग रोड क्र.01, कुशालपुर) में पाईप लाईन पुशिंग कार्य की राशि रूपये 165.06 लाख की स्वीकृति दी गई। कुशालपुर क्षेत्र में पूर्व में लगातार जलभराव की स्थिति निर्मित होती रही है, जिससे नागरिकों को आवागमन एवं जनजीवन में असुविधा होती थी। उक्त समस्या के स्थायी समाधान एवं वर्षों के दौरान जलनिकासी सुनिश्चित करने हेतु पाईप लाईन पुशिंग कार्य आवश्यक है। इस कार्य से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

6. वार्ड 51 अंतर्गत विधायक कॉलोनी से अविनाश वन होते हुए एन.एच.-53 तक नाला निर्माण कार्य हेतु रूपये 1.94 करोड की स्वीकृति दी गई है। इसी क्रम में लाभाण्डी गांव से छोकरा नाला तक नाला निर्माण कार्य की भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन दोनों कार्यों से क्षेत्र की जलभराव एवं जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
7. नगर निगम रायपुर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित माइलस्टोन पूर्ण करने पर रायपुर नगर निगम को 15 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि शहर में 85 प्रतिशत से अधिक जल आपूर्ति कवरेज सुनिश्चित करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है यह प्रोत्साहन राशि शहर के जल प्रबंधन स्वच्छता और आधारभूत संरचना को और मजबूत करने के लिए व्यय की जाएगी। अमृत 2.0 अंतर्गत रूपये 15 करोड़ प्रोत्साहन राशि से स्वीकृत कार्य की जानकारी निम्नानुसार है:-

1) ड्रेनेज प्लानिंग एवं शहरी बाढ़ नियंत्रण कार्य वार्ड क्रमांक 66 में मलसाय तालाब से बरगद पेड़ चौक होते हुए रिंग रोड 01 तक समग्र ड्रेनेज प्लानिंग की जाएगी लागत राशि 1.95 करोड़ रूपये है। जिससे कुशालपुर क्षेत्र में वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान होगा यातायात सुचारू रहेगा और आसपास के रहवासी व व्यवसायिक क्षेत्र सुरक्षित रहेंगे।

2) ड्रोन आधारित प्रॉपर्टी टैक्स मैपिंग कार्य शहर में ड्रोन तकनीक से संपत्तियों का डिजिटल सर्वे एवं मैपिंग किया जाएगा जिसकी लागत राशि 5.80 करोड़ होगी। इससे कर प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, कर चोरी रुकेगी और नगर निगम के राजस्व में वृद्धि होगी।

3) सीवेज व सफाई व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण उक्त कार्य हेतु एवं खारून नदी के कचरे एवं बड़े नालों के कचरे सफाई के लिए ड्रेन मास्टर राशि 1.50 करोड, चैन माउंटेन, छोटा जेसीबी राशि 1 करोड़, नालियों की सफाई उपरात मलबा ट्रांसपोर्ट हेतु हाईड्रोलिक टिप्पर सहित टाटा एस राशि 2 करोड़, सीवरेज सैप्टेज मैनेजमेंट हेतु ट्रक एवं संक्शन मशीन राशि 1.24 करोड़ क्रय किये जाने का कार्य की स्वीकृति प्रदाय की गई।

मुख्य रूप से ड्रेन मास्टर मशीन की खरीदी की जा रही है, जो नालियों एवं सीवर व तालाब में चेन सिस्टम के माध्यम से पानी में चलकर सफाई कार्य करती है। यह मशीन गहराई में जमी सिल्ट, गाद, प्लास्टिक एवं ठोस अवरोधों को काटकर निकालती है। जलभराव की स्थिति में भी बिना खुदाई यह प्रभावी ढंग से कार्य करती है। इससे सफाई कार्य तेज, सुरक्षित और पूर्णतः यांत्रिक होगा तथा मैनुअल सफाई समाप्त होगी।

4) अतिरिक्त कार्य उपरोक्तानुसार कार्यों के अतिरिक्त बड़े नालों की मैकेनाईज्स सफाई हेतु राशि 1 करोड़ तथा चंदनडीह एसटीपी के समीप नाले पर डायवर्सन वियर बनाने एवं चैंबर निर्माण कार्य हेतु राशि 51 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदाय की गई।
8. मिशन अमृत 2.0 अंतर्गत एस.टी.पी. इन्सेंटिव एवं अपग्रेडेशन कार्यों को स्वीकृति रायपुर नगर पालिक निगम को भारत सरकार के मिशन अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत एस.टी.पी. के उत्कृष्ट संचालन एवं प्रदर्शन के आधार पर राशि 8.75 करोड़ की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। प्राप्त प्रोत्साहन राशि से एस.टी.पी. की क्षमता, गुणवत्ता, ऊर्जा दक्षता एवं पर्यावरणीय मानकों को और बेहतर करने हेतु आवश्यक अपग्रेडेशन एवं तकनीकी कार्य किए जाएंगे, जिससे सीवरेज प्रबंधन अधिक आधुनिक, पारदर्शी और टिकाऊ बनेगा। प्रस्तावित कार्य निम्नानुसार है:-

1) निमोरा, कारा एवं चंदनीडीह एस.टी.पी. में सोलर पावर प्लांट की स्थापना हेतु राशि 3.79 करोड़ की स्वीकृति प्रदाय की गई। जिससे एस.टी.पी. संचालन में बिजली खर्च में कमी ऊर्जा आत्मनिर्भरता हरित ऊर्जा को बढ़ावा दीर्घकालीन संचालन लागत में बचत होगी।

2) भाठागाव में डाइवर्सन वीयर निर्माण एवं सीवरेज पाईप लाईन इनलेट सुधार कार्य हेतु राशि 1.11 करोड़ की स्वीकृति प्रदाय की गई। जिससे एस.टी.पी. में निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित होगा, ओवरफ्लो की समस्या में कमी होगी एवं सीवेज ट्रीटमेंट की दक्षता में वृद्धि होगी।

3) एस.टी.पी. के साफ पानी को डिवाईडर प्लांटेशन व सड़कों की सफाई कार्य हेतु टैंकर राशि 42.98 लाख क्रय किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। जिससे निगम की व्यय राशि कम होगी।

4) सभी एस.टी.पी. में अल्ट्रा सोनिक फ्लो मीटर की स्थापना क्रय किये जाने हेतु लागत राशि 15.87 रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई।

9. नगरोत्थान योजना अंतर्गत्त रायपुर के 18 प्रमुख रोड जंक्शनों का विकास किया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग रूपये 10 करोड़ है। इससे ट्रैफिक जाम कम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आम नागरिकों को तेज व सुरक्षित आवागमन मिलेगा। जंक्शनों के सुधार से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। निविदा न्यूनतम दर पर स्वीकृत होने से निगम को आर्थिक लाभ भी हुआ है।

10. 15वें वित्त आयोग अंतर्गत वायु गुणवत्ता सुधार के तहत कुल 2 प्रकरणों में शहर एवं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मार्गों पर बी.टी. टॉपिंग, पैच रिपेयर, सड़क चौड़ीकरण, बी.टी. रिन्यूअल एवं ड्रेनेज कार्य हेतु 1.80 करोड़ रूपये एवं 2.16 करोड़ रूपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है।
11. स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत 10 सीटर आकांक्षी शौचालय निर्माण हेतु दो स्थानों का स्थल परिवर्तन कर निर्माण किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।

1) जोन 06, वार्ड 62 (बस स्टैंड के पास) से स्थल परिवर्तन कर जोन 04, वार्ड 64 (माझापारा श्मशान घाट के पास)।

2) जोन 07, वार्ड 23 (खाटूश्याम मंदिर के पास) से स्थल परिवर्तन कर जोन 07, वार्ड 37 (कारी तालाब के पास)।

इसके अतिरिक्त पूर्व स्वीकृत बस स्टैंड स्थित शौचालय के स्थान में परिवर्तन करते हुए, वार्ड क्रमांक 38 के अर्जुन नगर स्लम बस्ती में रूपये 16.60 लाख की लागत से शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

12. नगर निगम रायपुर शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त नियंत्रण लागू कर रहा है। भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार प्लास्टिक के निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर कड़ी निगरानी की जाएगी। सिंगल यूज प्लास्टिक नालियों में जाम, जलमराव, जल प्रदूषण और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का मुख्य कारण है, जिसे रोकना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए नगर निगम की विशेष टीम नियमित जांच, कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इस निर्णय से शहर की स्वच्छता बेहतर होगी, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित होगी। नगर निगम सभी व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील करता है ताकि रायपुर को प्लास्टिक मुक्त शहर बनाया जा सके।

13. शहरी गरीबी उपशमन एवं समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत निराश्रित पेंशन के 231 एवं राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 85 प्रकरणों पर निर्णय लिया गया एवं पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ मिल सकेगा।

14. नगर पालिक निगम रायपुर अंतर्गत विभिन्न विभागों के कुल 157 रिक्त पदों (उप अभियंता, राजस्व निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक, सहायक ग्रेड-03, सहायक राजस्व निरीक्षक) पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव की स्वीकृति प्रदान कर शासन को प्रकरण प्रेषित किये जाने निर्देशित किया गया। सीधी भर्ती से निगम में पदों की कमी दूर होगी, सेवाओं की गुणवत्ता सुधरेगी, कार्यों में गति आयेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनेगी।

15. नगर निगम रायपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के अंतर्गत 11 प्रकरणों में राशि रूपये 16,56,516 / के भुगतान की स्वीकृति प्रदान की गई।

16. नगर निगम द्वारा वर्ष 2017 से लागू प्रदर्शन शुल्क दरों को वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार संशोधित करने का निर्णय लिया गया है। जिसके अंतर्गत मॉल में आयोजित शो के प्रदर्शन शुल्क को 200 रूपये से बढ़ाकर 400 रूपये प्रति शो किया गया है, जबकि सिनेमा गृह, सर्कस, जादूगर एवं मीना बाजार के शुल्क यथावत रखे गए हैं। बड़े आयोजनों में भूमि के व्यावसायिक उपयोग को देखते हुए अतिरिक्त प्रदर्शन शुल्क निर्धारित करने का भी निर्णय लिया गया है।

17. रायपुर में स्वतंत्रता सेनानियों व अमर शहीद के सम्मान एवं सांस्कृतिक पहचान सुदृढ़ीकरण हेतु महत्वपूर्ण अनुशंसायें एमआईसी की बैठक में प्रदान की गई हैं। जो निम्नानुसार है:-

1) अमर शहीद ए.एस.पी. आकाश राव गिरपुंजे की स्मृति में लाखेनगर चौक के किनारे प्रतिमा स्थापना के प्रस्ताव को नगर निगम सामान्य सभा की बैठक में चर्चा हेतु रखे जाने की अनुशंसा प्रदान की गई है।

2) आयुर्वेदिक कॉलेज गेट के पास स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर जी की प्रतिमा स्थापना हेतु अनुशंसा प्रदान की गई है।

3) लाखे नगर चौक में पंडित वामन बलिराम लाखे जी का प्रतिमा स्थापित करने हेतु अनुशंसा प्रदान की गई है।

4) देवेंद्र नगर चौक से पंडरी कपड़ा मार्केट की और जाने वाली सड़क का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी स्व. अयोध्या प्रसाद जैन जी के नाम पर करने हेतु अनुशंसा प्रदान की गई है।

5) कोतवाली चौक का नामकरण जैन स्तंभ चौक किए जाने संबंधी प्रस्ताव को अनुशंसा प्रदान की गई है।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related

KHAMENEI FUNERAL : 4 महीने बाद खामेनेई की विदाई

KHAMENEI FUNERAL : Khamenei's farewell after 4 months रायपुर डेस्क।...

UAPA TERRORIST LIST 2026 : 23 आतंकियों को घोषित किया गया आतंकी

UAPA TERRORIST LIST 2026 : 23 terrorists declared terrorists रायपुर।...

BADRINATH DONATION CONTROVERSY : बद्रीनाथ में भी चंदा कांड?

BADRINATH DONATION CONTROVERSY : Donation scandal in Badrinath too? रायपुर...