Sunny Leone Show Cancelled: Administration bows to protests from saints, cancels Sunny Leone’s show in Mathura
नए साल के जश्न के बीच उत्तर प्रदेश के मथुरा में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां प्रस्तावित सनी लियोन के कार्यक्रम को लेकर साधु-संतों का विरोध इतना तेज हुआ कि आखिरकार आयोजकों को शो रद्द करना पड़ा। सोमवार को संत समाज ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को पत्र लिखकर कार्यक्रम निरस्त करने की मांग की थी।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने होटल ललिता ग्रैंड और होटल द ट्रक में होने वाले इस आयोजन को ब्रजभूमि की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने साफ कहा कि मथुरा दिव्य गोलोक भूमि है, जहां योग, साधना और भजन-कीर्तन होते हैं, न कि फूहड़ता और अश्लीलता का प्रदर्शन।
प्रदर्शन के दौरान साधु-संतों ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी थी कि अगर कार्यक्रम नहीं रोका गया तो आंदोलन किया जाएगा। संतों का कहना था कि पोर्न फिल्मों से जुड़ी रही अभिनेत्री का ब्रजभूमि में कार्यक्रम धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
विवाद बढ़ता देख पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। मंगलवार को आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि कर दी गई कि सनी लियोन का मथुरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की नजर बनी हुई है।
