Kanwar Yatra 2026: 4 minor Kanwar pilgrims drown in canal!
KANWAR YATRA 2026: उत्तराखंड के हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ से अपने साथियों के साथ गंगाजल लेने आए चार किशोर कांवड़ियों की मौत हो गई है.
जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास कुछ कांवड़िए गंगनहर में नहा रहे थे. इसी दौरान एक किशोर अचानक गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी नहर में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और तेज बहाव की चपेट में आ गए. देखते ही देखते चारों पानी में लापता हो गए.
बताया जा रहा है कि गंगनहर में सिल्ट हटाने के काम के कारण पानी का स्तर कम किया गया था. इसी वजह से कांवड़िए नहर के बीच तक चले गए, लेकिन वहां बने गहरे गड्ढे की उन्हें जानकारी नहीं थी. जैसे ही एक किशोर उसमें गिरा, बाकी साथी उसे बचाने के लिए पहुंचे और सभी हादसे का शिकार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों किशोरों के शव गंगनहर से बाहर निकाले गए.
चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा या गंगनहर में नहाते समय पूरी सावधानी बरतें. जहां नहाने की अनुमति न हो या पानी की गहराई की जानकारी न हो, वहां जाने से बचें.
