BANGLADESH MEDIA ATTACK : Threat to burn down news channel’s office…
बांग्लादेश। बांग्लादेश में मीडिया की आज़ादी पर खतरा और गहरा होता दिख रहा है। दो बड़े समाचार संस्थानों के दफ्तर जलाए जाने के बाद भी कट्टरपंथियों के हौसले पस्त नहीं हुए हैं। अब एक निजी न्यूज चैनल के न्यूज़ हेड नाजनीन मुन्नी को हटाने की खुली धमकी दी गई है। धमकी देने वालों ने साफ कहा है कि अगर मांग नहीं मानी गई तो चैनल के दफ्तर को भी प्रथम आलो और द डेली स्टार की तरह जला दिया जाएगा।
धमकी देने वाले युवाओं ने खुद को एंटी-डिस्क्रिमिनेशन स्टूडेंट मूवमेंट का सदस्य बताया है। इन लोगों ने ढाका स्थित ग्लोबल टीवी बांग्लादेश के अधिकारियों से मुलाकात कर न्यूज हेड नाजनीन मुन्नी को हटाने की मांग की। संगठन के अध्यक्ष रिफत राशिद ने भी माना है कि उनके संगठन का एक सदस्य चैनल ऑफिस गया था और इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा गया था।
ऑफिस पहुंचकर दी आग लगाने की धमकी
घटना 21 दिसंबर 2025 की है, जब युवकों का एक समूह ढाका के तेजगांव इलाके में ग्लोबल टीवी के दफ्तर पहुंचा। उन्होंने चैनल प्रबंधन से कहा कि अगर नाजनीन मुन्नी को नौकरी से नहीं हटाया गया तो चैनल ऑफिस को आग के हवाले कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले 18 दिसंबर की रात दंगाइयों ने प्रथम आलो और द डेली स्टार के दफ्तरों पर हमला कर आग लगा दी थी।
नाजनीन मुन्नी ने क्या कहा
सीनियर पत्रकार नाजनीन मुन्नी, जो जुलाई में ग्लोबल टीवी में न्यूज हेड बनी थीं, ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर फेसबुक पोस्ट में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 7–8 लोग उनके ऑफिस पहुंचे और सीधे धमकी दी कि अगर उन्होंने नौकरी नहीं छोड़ी तो ऑफिस जला दिया जाएगा।
नाजनीन मुन्नी के मुताबिक, युवकों ने चैनल के मैनेजिंग डायरेक्टर से कहा कि उन्होंने उन्हें क्यों नियुक्त किया, क्योंकि वह कथित तौर पर अवामी लीग समर्थक हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर कोई उनके अवामी लीग से जुड़ाव का सबूत दे दे तो वह खुद जवाब देंगी, लेकिन धमकी देने वाले कोई प्रमाण नहीं दिखा पाए।
आंदोलन से कट्टरपंथ की ओर
एंटी-डिस्क्रिमिनेशन स्टूडेंट मूवमेंट का नाम पिछले साल जुलाई-अगस्त के विद्रोह में प्रमुख रहा है। इसी आंदोलन से जुड़ी ताकतों ने बाद में नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) बनाई। लेकिन अब इसी आंदोलन से जुड़े कुछ लोग कट्टरपंथी रुख अपनाकर मीडिया संस्थानों को निशाना बना रहे हैं।
संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष रशीदुल इस्लाम ने माना कि शहर इकाई के एक सदस्य ने बिना केंद्रीय अनुमति के कुछ युवकों के साथ ग्लोबल टीवी जाकर ज्ञापन सौंपा था।
डरने वाली नहीं हूं: नाजनीन मुन्नी
धमकियों के बावजूद नाजनीन मुन्नी ने साफ कहा है कि वह डरने वाली नहीं हैं। उनका कहना है कि यह मीडिया पर हमलों की एक सोची-समझी श्रृंखला है, जिसका मकसद पत्रकारों को दबाना और न्यूज़रूम को नियंत्रित करना है।
बांग्लादेश में लगातार हो रहे इन हमलों ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या वहां मीडिया स्वतंत्र रूप से काम कर पाएगा या कट्टरपंथ की आग में पत्रकारिता झुलसती रहेगी।
