CG LOKTANTRA VIVAD : Why did these powerful BJP leaders not attend the Assembly inauguration ceremony… find out
रायपुर, 2 नवंबर 2025। कभी बीजेपी के कद्दावर नेता रहे पूर्व विधायक वीरेंद्र पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि वे राज्योत्सव कार्यक्रम और विधानसभा भवन लोकार्पण समारोह में शामिल नहीं हुए, क्योंकि “मोदी कतई लोकतांत्रिक नहीं हैं।”
1 नवंबर को छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर नवा रायपुर में बने नवीन विधानसभा भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लेकिन इस समारोह से वीरेंद्र पांडेय ने खुद को अलग रखा और सोशल मीडिया पर इसके पीछे के कारण भी बताए।
क्या कहा वीरेंद्र पांडेय ने?

अपने पहले पोस्ट में उन्होंने लिखा “लोकार्पण समारोह में नहीं जाऊँगा। नरेंद्र मोदी लोकतंत्र के प्रतीक नहीं हैं। विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, इसका आदर मन से होना चाहिए। असहमति का सम्मान लोकतंत्र का प्राण है, और मोदी उसमें विश्वास नहीं करते।”
उन्होंने बताया कि उन्हें दो आमंत्रण पत्र मिले थे, एक पूर्व विधायक के नाते और दूसरा लोकतंत्र सेनानी के रूप में। लेकिन उन्होंने पीएम मोदी के “अपमानजनक निर्देशों” का हवाला देते हुए कार्यक्रम में शामिल न होने का निर्णय लिया।
राज्योत्सव के बाद भी तीखा हमला
राज्योत्सव के अगले दिन उन्होंने एक और पोस्ट किया “मैं नहीं गया, और इस बात का संतोष है कि जनता के धन के अश्लील अपव्यय का मैं साक्षी या भागीदार नहीं बना। यह भवन उन किसानों की जमीन पर बना है, जिन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला। बीस साल से वे न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि रमन सिंह सरकार ने गाँव को शहर घोषित कर किसानों से धोखा किया। साथ ही पूछा कि जब प्रदेश कर्ज में डूबा है तो इतने भव्य और महंगे लोकार्पण समारोह की क्या जरूरत थी।
वीरेंद्र पांडेय की ये पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

