CG BREAKING : Vijay Sharma’s retort on ED action, “Bhupesh Baghel should remember the Emergency of 1975”
रायपुर, 18 जुलाई 2025। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ईडी केंद्रीय एजेंसी है और शराब घोटाले जैसे गंभीर मामलों पर काम कर रही है।
विधानसभा के अंतिम सत्र से पहले मीडिया से चर्चा में विजय शर्मा ने कहा “भूपेश बघेल कहते हैं ईडी क्यों आई? ईडी की अपनी जांच है। शराब घोटाला यहीं हुआ था। यही कॉन्सेप्ट दिल्ली और झारखंड तक पहुंचाया गया। हम सब जानते हैं। ऐसा ही कोई मामला होगा, जिससे ईडी आई है।”
उन्होंने भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा “देश की बड़ी संस्थाओं पर इस तरह की बयानबाजी से तंत्र कमजोर होता है। भूपेश बघेल वो दिन याद करें जब चुनाव आयोग से इन्होंने क्या-क्या काम कराए थे। 1975 का आपातकाल भी याद कर लें। तब चुनाव आयोग को कोई जानता नहीं था। आज आप चुनाव आयोग की बात कर रहे हैं। आज संवैधानिक तौर पर आयोग काम कर रहा है।”
विपक्ष के सवालों पर सरकार का रुख
गृहमंत्री ने कहा कि विपक्ष कोई भी तार्किक मुद्दा उठाए, विष्णुदेव साय सरकार उसका स्वागत करती है। शराब घोटाले के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विपक्ष इसे सदन में उठा सकता है।
भूपेश बघेल का बयान
ईडी की कार्रवाई के बाद भूपेश बघेल ने कहा था “आज मेरे बेटे का जन्मदिन है। पिछले साल मेरे जन्मदिन पर ईडी आई थी। आज विधानसभा में अडानी का मामला उठना था, इसलिए मोदी और शाह ने अपने मालिक को खुश करने के लिए मेरे घर ईडी भेज दी।”

