CG BREAKING: Chhattisgarh police inspectors got the gift of DSP promotion after years, 65 TIs will become DSPs…
रायपुर, 3 जून। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित निरीक्षकों की डीएसपी पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया को राज्य सरकार ने आखिरकार हरी झंडी दे दी है। वर्ष 1999 और 2000 बैच के निरीक्षकों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कुल 65 अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है।
इनमें 55 निरीक्षक अब उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बने हैं, जबकि रक्षित निरीक्षक संवर्ग से 1 अधिकारी, विशेष शाखा (एसबी) से 1 निरीक्षक, आर्म्स शाखा से 1 निरीक्षक और कंपनी कमांडर पद पर कार्यरत 7 अधिकारियों को सहायक सेनानी के पद पर पदोन्नत किया गया है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल रंग लाई
वर्षों से अटकी पड़ी पदोन्नति प्रक्रिया की प्रमुख बाधा डीएसपी पदों की सीमित संख्या थी। इसको लेकर निरीक्षक संवर्ग के अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिला था। शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी पदों में संख्यायेत्तर वृद्धि का निर्णय लिया और इस संबंध में प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया।
वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद पदोन्नति की कार्रवाई तेज़ी से पूरी की गई। विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय सिर्फ़ एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह उन अधिकारियों के समर्पण और अनुशासन का सम्मान है जिन्होंने वर्षों तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा से किया।
सरकार की पारदर्शी पदोन्नति नीति
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि सभी विभागों में समय पर पदोन्नति और पारदर्शी व्यवस्था लागू हो, जिससे कर्मचारी वर्ग का मनोबल ऊंचा बना रहे और प्रशासनिक क्षमता में निरंतर सुधार हो।
पदोन्नति से कानून व्यवस्था को मजबूती
सरकार का मानना है कि ये पदोन्नतियाँ केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं हैं, बल्कि इससे प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की प्रभावशीलता को भी नया बल मिलेगा। पदोन्नत अधिकारियों से उम्मीद जताई गई है कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सजगता और कर्तव्यपरायणता से करेंगे।
