CG Illegal Construction: Bulldozer razes illegal bridge built by land mafias!
CG ILLEGAL CONSTRUCTION: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा के खोखरा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर पर बनाए गए अवैध पुल को ध्वस्त कर दिया।
कुछ जमीन कारोबारियों ने अपनी जमीन तक आसान पहुंच दिखाने और उसकी कीमत बढ़ाने के लिए बिना किसी अनुमति के नहर पर पुल का निर्माण करा लिया था।
यह निर्माण रातोंरात किया गया था, जिससे लंबे समय तक किसी की नजर इस पर नहीं पड़ी।
मामले की जानकारी पहुंचने के बाद प्रशासन ने साफ किया कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पहले पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण का जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई शुरू की गई ताकि किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
अवैध पुल को तोड़ने के लिए प्रशासन ने एक साथ तीन जेसीबी मशीनों को लगाया, लेकिन पुल की मजबूत संरचना के कारण कई घंटे तक प्रयास के बावजूद उसे पूरी तरह नहीं तोड़ा जा सका। इसके बाद अधिकारियों ने विशेष ब्रेकर मशीन मंगवाई।
मशीन के पहुंचने के बाद पुल को धीरे धीरे तोड़ा गया और आखिरकार पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
