Delhi Assembly Elections Congress First List:नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। केंद्रीय कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद कांग्रेस ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अपने पुराने और दिग्गज नेता संदीप दीक्षित को उतारा है। शीला दीक्षित इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती थीं। पटपड़गंज सीट से चौधरी अनिल कुमार मैदान में होंगे, जहां से आप के अवध ओझा प्रत्याशी बनाए गए हैं।
पिछले दिनों मीनाक्षी नटराजन की अध्यक्षता वाली प्रदेश कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की हुई बैठक में 21 नामों की सूची तैयार की गई थी। बृहस्पतिवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की उपस्थिति में सीडब्ल्यूसी की बैठक में इस सूची को मंजूरी दी गई।
आप के बागी अब्दुल रहमान सीलमपुर से प्रत्याशी
पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को बादली से चुनाव मैदान में उतारा है। सीलमपुर से टिकट कटने के बाद आम आदमी पार्टी छोड़कर पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल होने वाले अब्दुल रहमान को भी चुनावी रण में उतारा जा रहा है। दिल्ली के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ एक बार फिर से बल्लीमारान से चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार

बता दें, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी सूची जारी करने में आगे रही है। 9 दिसंबर को पार्टी ने 20 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। इसमें पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया का चुनाव क्षेत्र बदल दिया था। सिसोदिया अभी पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, लेकिन पार्टी ने इस बार उन्हें जंगपुरा सीट से चुनावी जंग में उतारा है। पटपड़गंज सीट से अवध ओझा मैदान में होंगे। इससे पहले 21 नवंबर को AAP ने 11 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए थे। पार्टी अब तक 31 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। पार्टी ने 16 विधायकों को इस बार अभी तक टिकट नहीं दिया है। इस तरह 51 प्रतिशत सीटिंग विधायकों को इस बार पार्टी ने मौका नहीं दिया है।

