बिलासपुर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पिछले 6 महीने में एक भी सामान्य डिलीवरी नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद सीएमएचओ ने बिल्हा, कोटा, तखतपुर, मस्तूरी के बीएमओ को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जानकारी मांगी है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत चारों ब्लाक से 40 पीएचसी पंजीकृत हैं।
इस योजना के तहत एक पीएचसी को कम से कम 10 डिलीवरी करवाना अनिवार्य किया गया था। योजना को पीएचसी में लागू कराने का उद्देश्य यह था कि नार्मल डिलीवरी के लिए महिलाओं को शहर तक न आना पड़े, लेकिन पीएससी की हालत ऐसी है कि पर्याप्त स्टाफ होने के बावजूद अस्पताल में सामान्य डिलीवरी तक नहीं करा पा रहे हैं। पिछले 6 महीने से यह स्तिथि बनी हुई है। ऐसे में सीएमएचओ डाक्टर अनिल श्रीवास्तव ने चारों ब्लाक के सभी बीएमओ को नोटिस जारी कर शून्य डिलीवरी पर तीन दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही साफ किया है कि यदि अब भी सामान्य डिलवरी नहीं हुई तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
सीएमएचओ डाक्टर अनिल श्रीवास्तव के अनुसार आयुष्मान योजना में निजी अस्पतालों में ज्यादा क्लेम हो रहा है, जबकि वहां पैकेज अधिक है। शासकीय अस्पताल में 166 प्रकार की इलाज की सुविधा देने के बाद भी क्लेम शून्य है। इससे पहले भी कई बार चारों ब्लाक के बीएमओ को क्लेम बढ़ाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इस पर जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसलिए इन्हें फिर नोटिस दिया गया है।

