People were slaughtering goats in multi-level parking with curtain, stirred up after video went viral
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर के पास बनी मल्टी-लेवल पार्किंग में बकरा काटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पार्किंग के पिछले हिस्से में दो बकरे काटे गए हैं। बकरा काटने का एक वीडियो सोशल मीडिया के जरिए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों तक पहुंचने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि बकरीद के दिन कुछ लोगों ने मल्टी-लेवल पार्किंग में ही बकरा काट दिया। पुलिस को शिकायत मिली तो एक टीम ऑक्सीजन गार्डन के पास मल्टी लेवल पार्किंग पहुंची। यहां पार्किंग का ठेकेदार मोहम्मद शोएब उर्फ शिबू और उसके कुछ साथी मिले, जो यहां गोश्त काट रहे थे। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि इंडियन मुस्लिम फॉर प्रोग्रेस एंड रिफॉर्म्स संगठन और अन्य धर्म गुरुओं की ओर से गाइडलाइंस जारी की गई थी। गाइडलाइन में कहा गया था कि जानवर को खुले में न बांधें। दूसरों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए अपशिष्ट पदार्थ फुटपाथ, सड़कों या सीवरों में नहीं पड़ना चाहिए। बलि की अनुमति केवल निर्धारित स्थानों पर ही दी गई है। इसके साथ ही परिवहन या बाजार में जानवरों के साथ कोई क्रूरता नहीं होनी चाहिए। कुर्बानी बूचड़खाने में करें, न कि अपने घर के अंदर या अपने दरवाजे के बाहर और यह भी सुनिश्चित करें कि खून या मैला सड़क पर न जाए। मल्टीलेवल पार्किंग परिसर में बकरा काटने की जानकारी मिलने पर नगर निगम की ओर से जांच की जा रही है और पार्किंग ठेकेदार को परिसर के गलत इस्तेमाल के संबंध में नोटिस दिया जा रहा है।
