पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

कोलकाता : पंचायत चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में हिंसा लगातार जारी है। शनिवार की सुबह सात बजे राज्य के पंचायत की 74 हजार सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया, साथ में कई जगहों पर भारी हिंसा भी शुरू हो गई। बंगाल में अलग-अलग इलाकों में पत्थरबाजी, आगजनी के साथ-साथ लूटपाट की घटनाएं सामने आ रही हैं। पश्चिम बंगाल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह से पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच विभिन्‍न स्‍थानों से बड़े पैमाने पर हिंसा की खबरें भी आ रही हैं जिनमें तीन लोगों की मौत हुई है।

मुर्शिदाबाद जिले जो पंचायत चुनावों के दौरान हमेशा हिंसा का केंद्र रहा है, आज मतदान के पहले कुछ मिनटों के भीतर फिर से बड़े पैमाने पर हिंसा देखी गई। रानीनगर में माकपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद कम से कम 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुर्शिदाबाद के रेजीनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बेलडांगा 2 ब्लॉक में स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता यासीन शेख की कथित तौर पर गोलीरकर हत्या कर दी गई।मुर्शिदाबाद के डोमकल में कांग्रेस कार्यकर्ता शाहबुद्दीन शेख की हत्या की भी खबरें सामने आई हैं। कूच बिहार जिले से भी हिंसा की सूचना मिली, जहां सीताई ब्लॉक के बाराविटा प्राथमिक विद्यालय में एक मतदान केंद्र में तोड़फोड़ की गई। सुबह लगभग 7.30 बजे मतदान शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद मतपेटियां तोड़ दी गईं और बैलेट पेपर नष्ट कर दिए गए।

कथित तौर पर कूचबिहार के फलितबाड़ी में भाजपा के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दक्षिण 24 परगना का भांगर, जहां नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा और तीन मौतें हुईं, वहां भी आज सुबह तृणमूल कांग्रेस और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और गोलीबारी के बाद तनाव हो गया। कथित तौर पर गोली लगने से घायल हुए दो एआईएसएफ कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी हालत गंभीर है। इस बीच आज सुबह मालदा जिले में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबर है। राज्‍य में 8 जून को मतदान की तारीखों की घोषणा के बाद से चुनाव संबंधी हिंसा में कुल 22 लोग मारे गए हैं। वोटों की गिनती 11 जुलाई को होगी।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related