VIJAY SHARMA STATEMENT : Deputy CM’s response on chartered plane controversy
दुर्ग, 28 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा रविवार को दुर्ग पहुंचे, जहां उन्होंने दिव्य हनुमंत कथा कार्यक्रम में शिरकत की। मंच पर उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की, बालाजी की आरती में भाग लिया और उनके समर्थन में खुलकर बयान दिया। डिप्टी सीएम का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक दोनों नजरिए से खास माना जा रहा है।
विजय शर्मा ने मंच से कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के चरणों में नमन है। उन्होंने साफ किया कि महाराज जी के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर जो सवाल और चर्चाएं चल रही हैं, उन पर स्पष्टता जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे खुद कई यात्राओं में महाराज के साथ रहे हैं और उनके कार्यों को बेहद करीब से देखा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री समाज में फैली ऊंच-नीच और भेदभाव को खत्म करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने सनातन धर्म और संस्कृति के लिए उनके समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि यात्राओं के दौरान पैरों में छाले होने के बावजूद उनका संकल्प कभी नहीं डगमगाया।
चार्टर्ड प्लेन विवाद पर जवाब देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि कुछ लोग बेवजह उटपटांग बातें फैला रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जिन पर करोड़ों लोगों की श्रद्धा है, अगर वे छत्तीसगढ़ आएंगे तो सरकार और जनता उन्हें कंधों और पलकों पर बैठाकर लाएगी।
मंच से उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता को संदेश देते हुए कहा कि ऐसे संतों का बार-बार आगमन समाज को सकारात्मक दिशा देता है और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करता है। कार्यक्रम के दौरान नक्सलवाद के मुद्दे पर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। विजय शर्मा ने कहा कि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और आने वाले तीन महीनों में नक्सल समस्या का पूरी तरह समाधान हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का मार्गदर्शन लगातार मिलता रहा है।
