UNNAO RAPE CASE : Clashes between Unnao rape victim and Kuldeep Sengar’s supporters
नई दिल्ली, रविवार। उन्नाव रेप केस में पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली सशर्त जमानत के खिलाफ जंतर-मंतर पर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ। महिला अधिकार कार्यकर्ता, वामपंथी छात्र संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और न्यायिक फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
प्रदर्शन उस वक्त और भड़क गया, जब सेंगर के समर्थन में एक महिला “I Support Kuldeep Sengar” का पोस्टर लेकर पहुंच गई। इससे मौके पर तनाव बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों ने तीखी आपत्ति जताई। इसी बीच यह भी साफ हुआ कि 29 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में CBI की याचिका पर सुनवाई होनी है, जिसमें हाई कोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती दी गई है।
पीड़िता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जमानत आदेश उनके और उनके परिवार के लिए मौत के खतरे जैसा है। उसने आरोप लगाया कि सेंगर के परिवार वाले जेल में उससे मिल रहे हैं और उन्हें जान से मारने की साजिश रची जा रही है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
पीड़िता की मां ने भी हाई कोर्ट के फैसले पर गहरा अविश्वास जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें अब सिर्फ सुप्रीम कोर्ट से ही उम्मीद है। उनका आरोप है कि परिवार की सुरक्षा हटा ली गई है और सेंगर की ओर से लगातार धमकियां मिल रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने कहा कि एक रेप पीड़िता को बार-बार सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया जा रहा है। दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले से देश की महिलाएं आहत हैं और अब आखिरी उम्मीद सुप्रीम कोर्ट ही है।
गौरतलब है कि उन्नाव रेप केस 2017 में सामने आया था। 2019 में दिल्ली की ट्रायल कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने सजा निलंबित कर सशर्त जमानत दी, हालांकि पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में सजा के चलते सेंगर अभी भी जेल में हैं।
