UP ELECTION : Akhilesh’s formula amid SP-Congress tussle
लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने साफ संदेश दिया है कि गठबंधन में कितनी सीटें किसके पास जाएंगी, उससे ज्यादा जरूरी चुनावी जीत है।
अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “बात सीट की नहीं, जीत की है।” उन्होंने गठबंधन की सामूहिक जीत को प्राथमिकता देने की बात कही और कहा कि सीटों के बंटवारे से ज्यादा जरूरी साझा लक्ष्य है।
अखिलेश का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब कांग्रेस कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कह चुकी है, जबकि सपा की ओर से भी बड़ी संख्या में सीटों पर तैयारी की खबरें सामने आई हैं। सीट शेयरिंग पर औपचारिक बातचीत अक्टूबर में होने की बात कही गई है।
वहीं बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा-कांग्रेस के बीच चल रही बयानबाजी पर तंज कसते हुए गठबंधन को “लठबंधन” बताया और दोनों दलों के बीच खींचतान का दावा किया।
फिलहाल अखिलेश ने अपने संदेश में गठबंधन की एकजुटता और जीत को सीटों की संख्या से ऊपर रखा है। सपा ने यह भी कहा है कि 2027 में मौजूदा INDIA ब्लॉक व्यवस्था जारी रहेगी।
