TS Singh Deo on Jhiram case: Full justice has not yet been achieved!
TS SINGH DEO ON JHIRAM CASE: झीरम घाटी मामले में NIA कोर्ट के फैसले के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि मामले में 10 लोगों को सजा मिल गई, लेकिन जिस स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की मांग पहले से की गई थी और जिस तरह की प्रशासनिक जिम्मेदारी थी, उस पहलू पर अभी भी सवाल बने हुए हैं।
सिंहदेव ने कहा किl झीरम घाटी में होने वाले कार्यक्रम को लेकर डीजीपी कार्यालय से लेकर आईजी कार्यालय तक लिखित सूचना दी गई थी।
उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा को लेकर पहले से जानकारी और अनुरोध मौजूद था, तो फिर तीसरे दिन काफिले के रास्ते में पर्याप्त सुरक्षा बल क्यों नहीं था, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि काफिले को ऐसी स्थिति में नक्सलियों के बीच पहुंचा दिया गया, जहां सुरक्षा का इंतजाम बेहद जरूरी था।
सिंहदेव ने झीरम घाटी की घटना के लिए तत्कालीन शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी तय किए जाने की बात कही। उनका कहना है कि केवल हमले में शामिल लोगों को सजा मिलने से पूरे मामले के सभी सवालों का जवाब नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पर्याप्त सुरक्षा बल क्यों तैनात नहीं था, जबकि सुरक्षा को लेकर पहले ही बार-बार जानकारी दी गई थी—इस सवाल का जवाब भी सामने आना चाहिए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि झीरम घाटी मामले में अभी भी उन्हें यह महसूस होता है कि पूरा न्याय नहीं मिल सका है। उनके मुताबिक हमले की साजिश और हमलावरों की भूमिका के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में हुई कथित चूक और उसकी जवाबदेही भी स्पष्ट होनी चाहिए।
