TRUMP MAP : AI मैप से ट्रंप ने बढ़ाया विवाद, ग्रीनलैंड पर दावे से यूरोप नाराज़

Date:

TRUMP MAP : Trump escalates controversy with AI map, Europe upset over Greenland claim

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयानों और पोस्ट को लेकर अंतरराष्ट्रीय विवाद के केंद्र में आ गए हैं। ट्रंप ने अपने आधिकारिक ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें ग्रीनलैंड, कनाडा और वेनेजुएला को अमेरिकी क्षेत्र के तौर पर दिखाया गया है। तस्वीर में कनाडा और ग्रीनलैंड को अमेरिकी झंडे के लाल, सफेद और नीले रंगों में रंगा गया है। बिना किसी कैप्शन के डाली गई इस पोस्ट को ग्रीनलैंड पर कब्जे की नई कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

ट्रंप पहले भी कई बार साफ कर चुके हैं कि अमेरिका किसी भी सूरत में डेनमार्क के स्वायत्त क्षेत्र ग्रीनलैंड को अपने नियंत्रण में लेना चाहता है। उनका कहना है कि यह अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

ट्रुथ सोशल पर शेयर की गई तस्वीर में ट्रंप यूरोपीय नेताओं को अमेरिका का ‘नया मैप’ दिखाते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि यह अगस्त 2025 की एक तस्वीर का AI-जनरेटेड संशोधित संस्करण है, जब ट्रंप यूक्रेन युद्ध को लेकर यूरोपीय नेताओं से चर्चा कर रहे थे।

दूसरी AI तस्वीर से और बढ़ा तनाव

पहली पोस्ट के बाद ट्रंप ने एक और AI-जनरेटेड फोटो शेयर की, जिसमें वे जेडी वेंस और मार्को रुबियो के साथ ग्रीनलैंड में अमेरिकी झंडा लगाते दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर ने यूरोपीय देशों की चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ा दी है।

ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की जिद

फ्लोरिडा में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “हमें ग्रीनलैंड लेना ही होगा। डेनमार्क अच्छे लोग हैं, लेकिन वे अपनी रक्षा नहीं कर सकते। मुझे नहीं लगता कि वे अमेरिका का ज्यादा विरोध करेंगे।” ट्रंप का तर्क है कि आर्कटिक क्षेत्र में रूस और चीन का प्रभाव बढ़ रहा है, जिसे रोकने के लिए ग्रीनलैंड का अमेरिका के पास होना जरूरी है।

यूरोप में विरोध, फ्रांस सबसे आगे

नए मैप के सामने आने के बाद फ्रांस समेत कई यूरोपीय देशों ने अमेरिका की इस सोच का विरोध किया है। नेताओं का कहना है कि ग्रीनलैंड को लेकर इस तरह की बयानबाजी से अंतरराष्ट्रीय तनाव बढ़ सकता है।

मैक्रों की पर्सनल चैट भी कर दी सार्वजनिक

मामले को और गर्माते हुए ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ हुई पर्सनल चैट भी सार्वजनिक कर दी। चैट में मैक्रों ट्रंप से ग्रीनलैंड को लेकर अपनी जिद छोड़ने की बात कहते नजर आ रहे हैं। मैक्रों ने लिखा,
“मेरे दोस्त, सीरिया पर हम एक लाइन में हैं, ईरान पर भी अच्छा कर सकते हैं, लेकिन मैं नहीं समझ पा रहा कि आप ग्रीनलैंड पर क्या कर रहे हैं।”

हालांकि फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मैक्रों के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया है कि ट्रंप द्वारा शेयर की गई चैट सही है।

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related