CHHATTISGARH : Such marks were found on the back of a 4-year-old innocent child…
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक निजी स्कूल में चार साल के बच्चे की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर शिक्षिका ने बच्चे को डंडे से पीटा। घर पहुंचने पर उसकी पीठ पर चोट के कई निशान मिले, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
मामला सीतापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरगा स्थित भारत माता बाल विद्या मंदिर का है। KG-01 में पढ़ने वाले यशवंत कुमार नागवंशी के साथ कथित मारपीट का आरोप शिक्षिका प्रीति मरकाम पर लगाया गया है।
बच्चे के परिजनों के मुताबिक, स्कूल से लौटने के बाद जब वे उसकी ड्रेस बदल रहे थे, तब पीठ पर पांच से ज्यादा निशान दिखाई दिए। बच्चे से पूछने पर उन्हें कथित पिटाई की जानकारी मिली।
इसके बाद बच्चे के पिता भीम कुमार नागवंशी परिवार के साथ सीतापुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। परिजनों ने बच्चे के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
चार साल के मासूम के साथ मारपीट के आरोप ने स्कूलों में छोटे बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है।


