CG BREAKING : DEO’s suspension cancelled amid controversies, know the whole matter
रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ के तत्कालीन प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एलपी पटेल का निलंबन रद्द कर उन्हें प्राचार्य के पद पर अस्थायी बहाली दे दी गई है। यह मामला शिक्षा विभाग में विवादों और अफसरशाही खेल की चर्चाओं के बीच सामने आया है।
एलपी पटेल को हायर सेकेंडरी एवं हाईस्कूल परीक्षा 2025 के दौरान जिले में गठित उड़नदस्ता दल में कलेक्टर की अनुमति के बिना परिवर्तन और संशोधन करने के आरोप में निलंबित किया गया था। आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत उन्हें तत्काल निलंबित किया गया और मुख्यालय का कार्य संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग, बिलासपुर को नियत किया गया।

हालांकि, निर्धारित समयावधि (90 दिवस) में आरोप पत्र जारी नहीं किया गया, जिसके चलते निलंबन आदेश स्वतः प्रतिसंहृत हो गया। इसके परिणामस्वरूप एलपी पटेल को पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस, सारंगढ़ में प्राचार्य के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया।
सूत्रों के अनुसार, एलपी पटेल का विवादों से पुराना नाता रहा है। डीईओ रहते उन्होंने अपनी शिक्षिका पत्नी के लिए नियम-विरोधी प्रतिनियुक्ति आदेश जारी किया था, जिसकी शिकायत भी विभाग में दर्ज हुई थी।
इस मामले ने शिक्षा विभाग में अफसरशाही खेल और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

