RAJIM KUMBH : MLA Rohit Sahu gets angry over the chaos in Rajim Kumbh
गरियाबंद। राजिम कुंभ कल्प मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्यमंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों को कार्यक्रम के बाद करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखने और भोजन की व्यवस्था न होने की शिकायत मिलते ही विधायक मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही पत्रकारों और नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर मनमानी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों के बाद विधायक ने प्रशासन को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन अगले ही दिन कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आ गया।
मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को कार्यक्रम खत्म होने के बाद इंतजार कराया गया और भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। जानकारी मिलते ही विधायक रोहित साहू कार्यक्रम स्थल पहुंचे और जिला प्रशासन व इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई।
विधायक ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला आस्था, संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़ा आयोजन है। इसकी गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों को असुविधा देना गंभीर लापरवाही है।
स्थिति को संभालते हुए विधायक सभी कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट ले गए और उन्हें भोजन कराया। उन्होंने साफ कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में ऐसी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद जिला प्रशासन और आयोजन से जुड़ी इवेंट कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

