RAIPUR MAYOR ELECTION: Deepti Dubey’s social service and Meenal Choubey’s political hold, who will change the fate of Raipur?
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। रायपुर नगर निगम महापौर के पद के लिए कांग्रेस ने अपने वर्तमान सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा ने तीन बार पार्षद रह चुकीं मीनल चौबे को महापौर उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।
दीप्ति दुबे … समाजसेवा और शिक्षा की मिसाल
कांग्रेस पार्टी ने दीप्ति दुबे को रायपुर महापौर प्रत्याशी के रूप में उतारकर पार्टी के लिए एक मजबूत दावेदार की पहचान बनाई है। दीप्ति दुबे एक साइकोलॉजिस्ट हैं, जिनका मेंटल हेल्थ क्लीनिक है। वे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं और इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। दीप्ति ने मास्टर्स इन साइकोलॉजी के साथ एमए हिंदी साहित्य किया है और वर्तमान में पीएचडी कर रही हैं। उनका जीवन समाज सेवा और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। दीप्ति ने पिछले 20 वर्षों में कांग्रेस के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब महापौर पद के लिए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं, जिसमें रायपुर को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य है।
भाजपा की मीनल चौबे.. तेज-तर्रार महिला नेत्री
वहीं, भाजपा ने मीनल चौबे को महापौर उम्मीदवार के रूप में घोषित किया है। मीनल चौबे पहले भी नगर निगम परिषद में नेता प्रतिपक्ष रह चुकी हैं और वे तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। मीनल की छवि एक तेज-तर्रार महिला नेत्री के रूप में है, जो विभिन्न गुटों से तालमेल रखती हैं और संगठन में भी सक्रिय हैं।
चुनाव की तारीखें और प्रक्रिया
नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 28 जनवरी तक चलेगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि 31 जनवरी होगी। वोटिंग 11 फरवरी को होगी, जबकि परिणाम 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस बार चुनाव ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के माध्यम से कराए जाएंगे।
दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच महापौर पद को लेकर मुकाबला तेज हो गया है और अब देखना होगा कि कौन सी पार्टी रायपुर नगर निगम के महापौर पद पर काबिज होती है।

