RAIPUR CONGRESS PROTEST : Electricity thieves, leave the throne, Congress’s attack against electricity rates…
रायपुर, 4 अक्टूबर 2025। बढ़ती बिजली दरों और बिजली बिलों में हो रही मनमानी को लेकर शहर कांग्रेस ने शनिवार को लाखेनगर बिजली कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। “बिजली चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने किया। उन्होंने कहा कि आम जनता पर महंगी बिजली का बोझ डालकर सरकार जनता से विश्वासघात कर रही है। गरीब और मध्यम वर्ग पहले ही महंगाई से त्रस्त हैं, ऐसे में बिजली बिलों में लगातार वृद्धि असहनीय है।
विकास उपाध्याय ने कहा, “बिजली कंपनी की नीतियां आम उपभोक्ता विरोधी हैं। बिलों में बढ़ोतरी, गलत मीटर रीडिंग और बिना सूचना कटौती जैसी समस्याओं से जनता परेशान है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक जनता को राहत नहीं मिलती।”
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में “महंगी बिजली नहीं चलेगी”, “जनता से लूट बंद करो” जैसे बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली दरों में कमी नहीं की, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

