RAIPUR VIRAL VIDEO : Police vehicle in businessman’s convoy, questions raised!
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक सर्राफा कारोबारी के लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। काफिले में कुछ लोग चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के बाद पुलिस की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो में कारोबारी कार्तिक गिरि के काफिले के आगे पुलिस वाहन चलता नजर आ रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि निजी कारोबारी के काफिले को पुलिस की पायलटिंग किस आधार पर दी गई? क्या उन्हें सुरक्षा का खतरा था या किसी सक्षम अधिकारी ने इसकी लिखित अनुमति दी थी?
मामले में यह भी पूछा जा रहा है कि पुलिस वाहन की तैनाती किसके आदेश पर हुई और क्या इसका आधिकारिक रिकॉर्ड मौजूद है। अगर सुरक्षा व्यवस्था अधिकृत थी तो उसका आधार सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
वीडियो का दूसरा पहलू यातायात नियमों से जुड़ा है। पुलिस वाहन की मौजूदगी में काफिले के लोग चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिख रहे हैं। इससे सड़क पर दूसरे लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। सवाल है कि पुलिस ने मौके पर रोकथाम या कार्रवाई क्यों नहीं की?
बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन के आरआई ने इस घटनाक्रम की जानकारी नहीं होने की बात कही है। ऐसे में पुलिस कमिश्नरेट से जांच और जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।


