CG SEX RACKET BUSTED : Dirty game was going on in a rented house, police raided!
रायगढ़। शहर में किराए के मकान की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत केलो विहार स्थित एक मकान में दबिश देकर 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। मौके से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार में मकान किराए पर लिया है, जहां युवती के जरिए अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके बाद एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई।

ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिस का पाइंटर
पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। तय संकेत मिलते ही बाहर मौजूद टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मार दिया। तलाशी के दौरान आरोपी के साथ एक कमरे में युवती और आपत्तिजनक सामग्री मिली।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपये देकर बुलाए जाने की जानकारी दी। वहीं, आरोपी ने भी पैसों की जरूरत के चलते इस गतिविधि में शामिल होने की बात स्वीकार की।
चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी ने साफ किया है कि जिले में ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


