CG HOTEL AMAYA CONTROVERSY : Chhattisgarhi insulted in hotel…
रायगढ़। जूट मिल थाना क्षेत्र स्थित होटल अमाया में एक आम डिनर अचानक विवाद में बदल गया, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति को लूंगी पहनने की वजह से होटल से बाहर निकाल दिया गया। यह घटना न केवल स्थानीय लोगों में नाराज़गी का कारण बनी बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग व्यक्ति शांत स्वभाव से सिर्फ खाना खाने होटल पहुंचे थे। लेकिन होटल प्रबंधन ने उनकी पारंपरिक वेशभूषा “लूंगी” को लेकर आपत्ति जताई और उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। इस व्यवहार से वहां मौजूद लोग भड़क उठे और होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लोगों ने बताया, परंपरा का अपमान
स्थानीय युवाओं ने होटल प्रबंधन की कार्रवाई को असंवेदनशील और सांस्कृतिक अपमान बताया। उनका कहना था कि किसी व्यक्ति को उसकी वेशभूषा के आधार पर होटल से निकालना पारंपरिक मान्यताओं के प्रति अनादर है। विरोध बढ़ने पर मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रबंधन ने मांगी माफी
विवाद बढ़ता देख होटल प्रबंधन ने अंततः सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए गलती स्वीकार की। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यह एक “गलतफहमी” थी और भविष्य में सभी ग्राहकों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान किया जाएगा।
इस घटना ने समाज में ड्रेस कोड बनाम सांस्कृतिक पहचान पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

