RAIGARH POLLUTION : Rs 17 lakh fine imposed on industries in Raigarh!
रायगढ़. छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिले रायगढ़ में पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का बड़ा मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय के सितंबर 2026 के आधिकारिक विवरण के मुताबिक, जिले की औद्योगिक इकाइयों पर छह श्रेणियों में कुल 17 लाख 40 हजार 545 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई है। रिपोर्ट में जुर्माने से जुड़ी 33 प्रविष्टियां दर्ज हैं।
राखड़ से लेकर वेस्टेज परिवहन तक गड़बड़ी
निरीक्षण में पांच उद्योगों पर कुल 6.05 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति लगाई गई। इनमें सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स पर सबसे ज्यादा 4.20 लाख रुपये की कार्रवाई दर्ज है। रायगढ़ आयरन इंडस्ट्रीज पर 80 हजार, वराही पैलेट्री प्रोसेसिंग पर 40 हजार, शर्मा क्रशर उद्योग पर 35 हजार और रायगढ़ इस्पात एंड पावर पर 30 हजार रुपये लगाए गए।
राखड़ के अनियंत्रित बहाव के मामलों में जिंदल स्टील एंड पावर, सारडा एनर्जी और अडानी पावर पर कुल 1.89 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दर्ज है। वहीं राखड़ परिवहन में लापरवाही के मामलों में मां मंगला इस्पात, जेएसडब्ल्यू स्टील और एनटीपीसी लारा पर 1.85 लाख रुपये की कार्रवाई हुई।
वेस्टेज परिवहन की एसओपी का पालन नहीं करने पर आठ प्रविष्टियों में 3.35 लाख रुपये और पोर्टल संबंधी अनियमितताओं पर अलग-अलग कार्रवाई दर्ज की गई है।
अब बड़ा सवाल है कि क्या यह जुर्माना वसूल हो चुका है? क्या उद्योगों ने अपनी कमियां दूर कर ली हैं और दोबारा निरीक्षण हुआ है? पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने पर सिर्फ जुर्माना लगाना काफी नहीं, नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी जरूरी है।


