Trending Nowशहर एवं राज्य

सीएम भगवंत मान के घर घेरने जा रहे मजदूरों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज,कई घायल

संगरूर। पंजाब में बुधवार को प्रदर्शनकारी मजदूरों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। मजदूर अपनी मांगों को लेकर भारतीय खेत मजदूर यूनियन की अगुआई में सीएम भगवंत मान के संगरूर स्थित आवास के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें कई मजदूर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंजाब भर से अलग-अलग मजदूर संगठनों के सदस्य सुबह ही संगरूर में बाइपास पर इक_ा हुए। यहां से उन्होंने भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले सीएम के आवास की ओर कूच किया। संगठनों ने इस प्रदर्शन की जानकारी प्रशासन को पहले से दे रखी थी। लिहाजा सीएम आवास की तरफ जाने वाले रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात था।
पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे मजदूरों को पुलिस ने सीएम आवास से एक किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग करके रोक दिया। मजदूरों ने जब बैरिकेडिंग लांघकर आगे बढऩे की कोशिश की तो पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई किसान और मजदूर घायल हो गए।

उधर इस लाठीचार्ज के बाद मजदूर संगठनों के सदस्य उस कॉलोनी के गेट के आगे धरने पर बैठ गए जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान का घर है। उन्होंने कॉलोनी के अंदर जाने का रास्ता बंद कर दिया। मजदूर संगठनों के सदस्यों ने कहा कि पंजाब पुलिस की धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संगरूर में प्रदर्शन कर रहे मजदूर संगठनों की दो प्रमुख मांगें हैं। इनमें उन्हें रहने-मकान बनाने के लिए प्लॉट देने और पक्के रोजगार की मांग शामिल है। मजदूर संगठनों का कहना है कि उन्हें मनरेगा और खेतों में काम करने पर रोज दिहाड़ी नहीं मिलती।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार अपनी मांगों को लेकर वह पंजाब की आपर सरकार से कई दौर की मीटिंग कर चुके हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। पंजाब सरकार पंचायतों को मनरेगा का फंड भी नहीं दे रही। ऐसे में उनके लिए अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है।

Share This: