PLANT FIRE : Fire in NMDC plant, from whom was the information hidden?
नगरनार। एनएमडीसी स्टील प्लांट में रविवार सुबह ब्लास्ट फर्नेस के पास आग लगने की घटना के बाद अब आपातकालीन सूचना व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्लांट में आग लगी, धुआं उठा और दमकल वाहन सक्रिय हुए, लेकिन स्थानीय पुलिस, एसडीएम और जिला शमन अधिकारी ने सूचना नहीं मिलने की बात कही।
मीडिया से मिली एसडीएम को खबर
एसडीएम मनीष कुमार वर्मा के मुताबिक, प्लांट प्रबंधन ने प्रशासन को घटना की जानकारी नहीं दी। उन्हें इसकी खबर मीडिया के जरिए मिली। नगर सेनानी एवं जिला शमन अधिकारी संतोष मार्बल ने भी कहा कि उन्हें आगजनी की सूचना नहीं मिली थी। उनके अनुसार, नियमानुसार संबंधित आपातकालीन एजेंसियों को ऐसी घटना की जानकारी दी जानी चाहिए।
प्रबंधन का जवाब, लेकिन सवाल बरकरार
प्लांट के प्रबंधक एवं संचार प्रमुख रफीक अहमद का कहना है कि जिन लोगों को सूचना देना जरूरी था, उन्हें जानकारी दे दी गई थी। हालांकि, उन्होंने किन अधिकारियों को और किस समय सूचना दी गई, यह स्पष्ट नहीं हुआ।
नगरनार थाना प्रभारी विकेश कुमार तिवारी के अनुसार, प्लांट परिसर में सीआईएसएफ की तैनाती के बाद अंदर होने वाली घटनाओं की जानकारी स्थानीय पुलिस तक नहीं पहुंचती और इस संबंध में शिकायतें भी नहीं मिलतीं।
पहले भी उठ चुके हैं सुरक्षा पर सवाल
वर्ष 2024 में प्लांट की स्टील मेल्टिंग शॉप में आग लगने से छह लोग झुलस गए थे। अब ताजा घटना ने फिर सुरक्षा और आपातकालीन समन्वय पर ध्यान खींचा है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अधिकारी सूचना नहीं मिलने की बात कह रहे हैं, तो प्रबंधन ने किन एजेंसियों को जानकारी देने का दावा किया? इसका जवाब जांच और सूचना रिकॉर्ड से ही साफ हो सकेगा।
