Durg Hemchand Yadav University: Registrar Bhupendra Kuldeep suspended over allegations of financial irregularities and fake bills.
DURG HEMCHAND YADAV UNIVERSITY: छत्तीसगढ़ सरकार ने दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप को वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी वाहन के दुरुपयोग और विश्वविद्यालय के नियमों का उल्लंघन करने समेत कई गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने सोमवार, 12 अक्टूबर को इसका आदेश जारी किया। कुलदीप पर आरोप है कि विश्वविद्यालय में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे के वेतन का बड़ा हिस्सा हर महीने अपने बेटे के खाते में कुल 1 लाख 49 हजार 384 रुपए ट्रांसफर करवाया जाता था।
विश्वविद्यालय की जांच के बाद मोहन नगर थाने में 3 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया गया था। इसी दिन कुलदीप को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वे जमानत पर हैं।
उच्च शिक्षा विभाग की दो सदस्यीय जांच समिति के जांच रिपोर्ट के मुताबिक, कुलदीप ने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी कार की मरम्मत के लिए गलत बिल पेश किए और बीमा दावा करने के बजाय विश्वविद्यालय के पैसे खर्च किए।
कार के ओडोमीटर में भी करीब 5 हजार किलोमीटर की छेड़छाड़ पाई गई। समिति ने खर्च की गई राशि वसूलने और कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की थी।
सरकारी आदेश के मुताबिक, कुलदीप ने कुलपति की मंजूरी के बिना उनके अधिकारों का इस्तेमाल किया। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन माना गया है। उनके खिलाफ फर्जी पीएचडी डिग्री हासिल करने का आरोप भी जांच के दायरे में रहा है।
