Mumbai Air Pollution: नई दिल्ली। दिल्ली में हवा प्रदूषण का मुद्दा नया नहीं है। हर साल ठंड की एंट्री के साथ ही राजधानी पर सांसों का संकट भी मंडराने लगता है। मगर, इस बार देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई भी एयर पॉल्यूशन (Mumbai Air Pollution) की चपेट में आ गई है। मुंबई की आबोहवा लगातार खराब हो रही है। आसमान में धुंध छाई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में तेजी से इजाफा हो रहा है।
मुंबई का औसत AQI 267 दर्ज किया गया है। मगर, कुछ इलाकों में यह 300 के भी पार पहुंच चुका है। ऐसे में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मुंबई में रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। वहीं, बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी सरकार को आगाह किया है।
मुंबई में कहां-कितना AQI?
मझगांव 305
चाकला-अंधेरी ईस्ट 263
नेवी नगर-कोलाबा 271
मालाड 223
ठाणे 188
नवी मुंबई 186
मीरा-भायंदर 192
BMC ने जारी किया आदेश
मुंबई में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए BMC ने 30 नवंबर तक पूरे शहर में ‘रोड क्लीननेस एंड डस्ट कंट्रोल कैंपेन’ चलाने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही BMC ने मुंबई की 50 से ज्यादा कंस्ट्रक्शन साइट्स पर काम रोक दिया है। साथ ही BMC ने शहर में ग्रैप-4 लागू करने की चेतावनी दी है।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने दी चेतावनी
दिल्ली में खराब हवा की स्थिति के मद्देनजर बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी सरकार को चेताया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने वायु प्रदूषण पर सख्त कदम उठाने का आदेश देते हुए कहा-
हम सब देख रहे हैं कि दिल्ली में क्या हो रहा है? इसका क्या असर होगा?
मुंबई में क्यों बढ़ रहा है वायु प्रदूषण?
मुंबई में वायु प्रदूषण की बड़ी वजह गाड़ियों से निकलने वाले धुएं को माना जा रहा है। बदलते मौसम और धीमी हवा के कारण गाड़ियों से होने वाला उत्सर्जन आसमान में धुंध बनकर वायु की गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में लोगों को घरों में एयर प्यूरीफायर लगाने और बाहर कम से कम निकलने की सलाह दी गई है।

