CG BREAKING : Manendragarh DFO suspended on charges of sexual indecency
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए मनेंद्रगढ़ के डीएफओ मनीष कश्यप को निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश में गंभीर आरोप दर्ज हैं कि मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा जानकारी मांगे जाने पर उन्होंने अमर्यादित आचरण किया और लैंगिक गाली-गलौज की। इसी को आधार बनाते हुए राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से उन्हें सस्पेंड कर दिया।
सरकार ने उनकी जगह चंद्र कुमार अग्रवाल को मनेंद्रगढ़ का नया डीएफओ नियुक्त किया है। दिलचस्प बात यह रही कि पहले वन विभाग ने केवल नए डीएफओ की पदस्थापना का आदेश जारी किया, जिसमें मनीष कश्यप का उल्लेख नहीं था। कुछ ही देर बाद वन विभाग के सचिव जनक पाठक का अलग आदेश जारी हुआ, जिसमें मनीष कश्यप के निलंबन की पुष्टि की गई।
पहले भी हो चुके हैं सस्पेंड
यह पहला मौका नहीं है जब मनीष कश्यप पर कार्रवाई हुई हो। पिछली सरकार के दौरान भी तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में वन मंडल की शिकायत मिलने पर सार्वजनिक रूप से उनके निलंबन की घोषणा की थी। बाद में सत्ता परिवर्तन के बाद उनका निलंबन बहाल हुआ और उन्हें प्रदेश के बड़े वनमंडल मनेंद्रगढ़ का प्रभार दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में एसीएस फॉरेस्ट ऋचा शर्मा भी उनके कामकाज को लेकर नाराज बताई जा रही थीं। फिलहाल मामले को लेकर वन विभाग में हलचल तेज है और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।

