MAHAKUMBH 2025: New record of devotion in Mahakumbh, 64 crore devotees took a dip, Gautam Adani said…
प्रयागराज। महाकुंभ 2025 में आस्था की बेमिसाल लहर देखने को मिली, जहां अब तक 64 करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके हैं। यह संख्या अब तक के किसी भी कुंभ से अधिक बताई जा रही है। महाकुंभ के समापन से पहले उद्योगपति गौतम अडानी का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने सेवा को ही ईश्वर का साक्षात्कार बताया।
गौतम अडानी ने की सेवा, कहा – ‘तेरा तुझको अर्पण’
महाकुंभ में गौतम अडानी ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया और श्रद्धालुओं को भोजन भी परोसा। उन्होंने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “जीव मात्र की सेवा ही ईश्वर के साक्षात्कार का श्रेष्ठ मार्ग है। महाकुंभ हमें सब कुछ समर्पित करने का अवसर देता है। सेवा करने वाला नहीं, बल्कि सेवा ग्रहण करने वाला ही हमें परमात्मा तक पहुंचने का अवसर देता है।”
AI कैमरों से श्रद्धालुओं की गिनती
इस बार श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड तोड़ भीड़ को देखते हुए, यूपी सरकार ने AI-बेस्ड हाईटेक कैमरों की मदद से आंकड़ों का विश्लेषण किया। पहले सरकार को 45 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद थी, लेकिन यह संख्या 64 करोड़ के पार पहुंच गई। अनुमान है कि यह संख्या 65 करोड़ तक पहुंच सकती है।
प्रसिद्ध हस्तियों ने भी लगाई डुबकी
महाकुंभ में कई दिग्गज हस्तियों ने भी आस्था की डुबकी लगाई, जिनमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक समेत 73 देशों के प्रतिनिधिमंडल ने भी इस महाकुंभ में भाग लिया।
महाकुंभ 2025 ने ऐतिहासिक श्रद्धा और भक्ति का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जो आने वाले समय में हमेशा याद रखा जाएगा।
