Kutumsar Cave: बस्तर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध कुटुमसर गुफा शनिवार से पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। हर साल की तरह इस वर्ष भी बारिश के मौसम में जलभराव और सुरक्षा कारणों से गुफा को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। अब मानसून समाप्त होने के बाद इसे पुनः दर्शकों के लिए खोल दिया गया है।
शनिवार को खुलने के पहले ही दिन बड़ी संख्या में पर्यटक इस गुफा का मनमोहक नजारा देखने पहुंचे। वन विभाग के अनुसार, हर साल लाखों पर्यटक कांगेर घाटी के घने जंगलों के बीच स्थित इस अद्भुत प्राकृतिक गुफा को देखने आते हैं। इस वर्ष भी पर्यटकों की भारी आमद की उम्मीद जताई जा रही है।

