CG POLICE ACTION : Demanding bribe during character verification proved costly, head constable suspended
कोरबा, 22 दिसंबर। चरित्र सत्यापन के नाम पर अवैध राशि मांगने के गंभीर आरोप में कोरबा पुलिस अधीक्षक ने जिला विशेष शाखा (DSB) में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 20 दिसंबर को दीपक साहू (21 वर्ष), निवासी ढोढ़ीपारा रामपुर, कोरबा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह NTPC में हाइड्रा ड्राइवर के पद पर कार्यरत है और गेट पास नवीनीकरण के लिए उसे चरित्र सत्यापन प्रतिवेदन की आवश्यकता थी। इसी प्रक्रिया के दौरान कार्यालय में मौजूद एक व्यक्ति ने प्रतिवेदन के बदले 1000 रुपये की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच उप निरीक्षक प्रमोद चंद्राकर को सौंपी गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयान सही पाए गए और शिनाख्ती पंचनामा भी कराया गया।
जांच प्रक्रिया में गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता ने DSB शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सूर्यकांत द्विवेदी की पहचान की, जिस पर अवैध रकम मांगने का आरोप है। गवाहों में प्रीतम कुमार पेंद्रो, दीपक तिवारी, नगर सैनिक संतोष सोनवानी सहित अन्य शामिल रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने 20 दिसंबर को प्रधान आरक्षक सूर्यकांत द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। साथ ही प्रकरण की विस्तृत जांच कर पांच दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

