KOLKATA GEETA PATH : Mass recitation of Gita by 5 lakh people, big statement by Dhirendra Shastri
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद विवाद के बीच राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में रविवार को आस्था और अध्यात्म का विराट संगम देखने को मिला। यहाँ आयोजित सामूहिक भगवद गीता पाठ में लाखों श्रद्धालु, साधु–संत और साध्वियाँ शामिल हुए।
कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी उपस्थित रहे। उन्होंने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा “आज कोलकाता की पवित्र धरती पर 5 लाख लोगों ने एक साथ गीता का पाठ किया। ऐसा लगा जैसे यहाँ महाकुंभ मेला लगा हो। सनातन एकता ही देश-दुनिया में शांति का सबसे बड़ा ज़रिया है। भारत में ‘सनातनी’ चाहिए, ‘तनातनी’ नहीं… ‘भगवा-ए-हिंद’ चाहिए, ‘गजवा-ए-हिंद’ नहीं।”
कार्यक्रम सनातन संस्कृति संसद और गीता प्रचार समिति द्वारा आयोजित किया गया था। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बंगाल की आध्यात्मिक विरासत को पुनर्जीवित करना और धार्मिक ग्रंथों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है।
बताया जा रहा है कि प्रतिभागियों की संख्या को देखते हुए यह देश का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक गीता पाठ माना जा रहा है। इस भव्य आयोजन ने पश्चिम बंगाल में जारी धार्मिक और राजनीतिक तनाव के बीच एक नई धार्मिक एकजुटता का संदेश भी दिया है।
