KKR new captain Ajinkya Rahane: नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इसी महीने शुरू हो रहे टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2025 सीजन के लिए अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को कप्तान और बीते सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाने की घोषणा की है।
9वें कप्तान होंगे रहाणे
अजिंक्य रहाणे कोलकाता नाइटराइडर्स के 9वें कप्तान होंगे। इससे पहले सौरव गांगुली, ब्रेंडन मैकुलम, गौतम गंभीर, जैक कैलिस, दिनेश कार्तिक, इयोन मोर्गन, श्रेयस अय्यर और नीतीश राणा इस फ्रेंचाइजी की कमान संभाल चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स ने अब तक 3 बार आईपीएल का खिताब जीता है। फ्रेंचाइजी ने 2012, 2014 और 2024 में ट्रॉफी उठाई थी।
KKR के कप्तान की लिस्ट
सौरव गांगुली: 27 मैच, 13 जीते, 14 हारे
ब्रेंडन मैकुलम: 13 मैच, 3 जीते, 9 हारे
गौतम गंभीर: 122 मैच, 69 जीते, 51 हारे
जैक कैलिस: 2 मैच, 1 जीता, 1 हारा
दिनेश कार्तिक: 37 मैच, 19 जीते, 17 हारे
इयोन मोर्गन: 24 मैच, 11 जीते, 12 हारे
श्रेयस अय्यर: 29 मैच, 17 जीते, 11 हारे
नीतीश राणा: 14 मैच, 6 जीते, 8 हारे
केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने यह घोषणा करते हुए कहा, “हम अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ी को पाकर बहुत खुश हैं। एक लीडर के रूप में वह अपने साथ अनुभव और परिपक्वता लेकर आते हैं। साथ ही, वेंकटेश अय्यर केकेआर के लिए एक फ्रैंचाइज़ी खिलाड़ी रहे हैं और उनमें नेतृत्व के कई गुण हैं। हमें विश्वास है कि वे हमारे खिताब की रक्षा का अभियान शुरू करने के लिए दोनों आपस में अच्छा तालमेल बिठाएंगे।”
कप्तान की भूमिका स्वीकार करते हुए रहाणे ने कहा, “आईपीएल में सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक केकेआर का नेतृत्व करने के लिए कहा जाना सम्मान की बात है। मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन और संतुलित टीम है। मैं सभी के साथ काम करने और अपने खिताब की रक्षा करने की चुनौती लेने के लिए उत्सुक हूं।” केकेआर अपने टाटा आईपीएल 2025 अभियान की शुरुआत शनिवार 22 मार्च को अपने घर- ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सीजन के पहले मैच से करेगी।

