CG NEWS: Lease deed for 22.90 acres of government land cancelled
CG NEWS: राजनांदगांव जिला प्रशासन द्वारा ग्राम नंदई स्थित बहुमूल्य शासकीय भूमि को कुष्ठ रोगियों के निःशुल्क इलाज व पुनर्वास हेतु दी गई 22.90 एकड़ भूमि की लीज डीड को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि कुष्ठ रोगियों के निःशुल्क इलाज व पुनर्वास हेतु दी गई भूमि पर मूल लीजधारी का कब्जा न होकर अन्य संस्था का है, जिसका पंजीयन ही वर्ष 1993 में हुआ था।
लीज के शर्तों के अनुसार, लीज भूमि का हस्तांतरण नही किया जा सकता था, फिर लीज की शर्तों का उल्लंघन जानबूझकर किया गया है, जिससे आर्थिक लाभ अर्जित किया जा सके। यही नहीं काबिज संस्था के द्वारा इलाज के नाम पर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया गया है।
जिस भूमि को कुष्ठ रोगियों के उपचार और कल्याण के लिए आरक्षित किया गया था, वहां संस्था की अपनी सीए ऑडिट रिपोर्ट (वित्तीय वर्ष 2024-25 ) के अनुसार वर्तमान में वर्षभर में औसतन मात्र 3 मरीज ही इलाजरत पाए गए।
इतने कम मरीजों के इलाज के संबंध में संस्था के द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है जिससे यह प्रमाणित हुआ कि जिला प्रशासन से तथ्यों को छुपाकर, मरीजों के इलाज के नाम पर भूमि पर कब्जा कर अन्य व्यक्तियों को ठेके और किराया पर दिया गया था।
जांच में यह प्रमाणित हुआ कि संस्था द्वारा 22.90 एकड़ विशाल परिसर के भीतर स्थित 1.50 एकड़ तालाब को मछली पालन हेतु ठेके पर कृषि भूमि को निजी कृषकों को रेघा पर तथा पक्के भवनों / क्वार्टरों को कई वर्षों से रेट एग्रीमेंट पर किराए पर देकर अनाधिकृत व्यावसायिक आय अर्जित की जा रही थी।
राजनांदगांव तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल शासकीय अभिलेखों में संस्था का नाम हटाकर “छत्तीसगढ़ शासन” दर्ज कर 7 दिवस के भीतर परिसर का भौतिक कब्जा प्राप्त करें। साथ ही, यदि परिसर में कोई अन्य मरीज इलाजरत है, तो उनके सुरक्षित स्थानांतरण, भोजन, आवास एवं निःशुल्क चिकित्सा की समुचित व्यवस्था मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


