IED Blast: Assistant Commandant injured in IED blast in the forest, encounter continues
झारखंड : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सारंडा के घने जंगलों में रविवार सुबह नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ा आईईडी विस्फोट हुआ। धमाके में 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनी गई। ब्लास्ट के तुरंत बाद सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक जवान के पेट में गोली लगी है, जबकि कई नक्सलियों के हताहत होने की भी खबर है। रुक-रुक कर फायरिंग जारी बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा बलों को जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर 209 कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। दुर्गम क्षेत्र में आगे बढ़ते ही जमीन में प्लांट किया गया आईईडी विस्फोट कर गया।
घटना के बाद जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया और अतिरिक्त बलों को मौके पर भेजा गया है। घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। जराईकेला और मनोहरपुर में हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। अभियान तेज कर दिया गया है।

