CHHATTISGARH : National President of BJP Yuva Morcha visits CG
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी 22 और 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रायपुर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के साथ खिलाड़ियों, युवतियों, युवा उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उनके दौरे में नक्सल मुक्त बस्तर का मुद्दा भी खास रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, डॉ. जोशी 22 नवंबर की रात 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बाइक रैली निकालकर उनका स्वागत करेंगे। रास्ते में कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम होंगे।
23 नवंबर को बैठकों और संवाद का दौर
अगले दिन सुबह 7:30 बजे साइंस कॉलेज में खेल गतिविधियों में शामिल होकर खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। सुबह 8:30 बजे अग्रसेन भवन में युवतियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी।
इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। संगठन के कामकाज और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
दोपहर 2 बजे रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में युवा जोहार कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शाम 4 बजे अलग-अलग क्षेत्रों के युवा उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर पर चर्चा करेंगे।
दौरे के आखिरी चरण में वे भाठागांव में एक कार्यकर्ता के घर पहुंचेंगे और रात 8 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।


