GARIB RATH FIRE : Panic caused by fire in Garib Rath Express…
लुधियाना, 18 अक्टूबर 2025। अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आज सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना तब हुई जब ट्रेन अंबाला से आधा किलोमीटर आगे सरहिंद स्टेशन के पास पहुंची थी।
यात्रियों ने धुआं उठता देख तुरंत रेलवे कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को आउटर में ही रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। इस हादसे में एक महिला के झुलसने की सूचना है।
घटना सुबह 7:30 बजे की बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत या गंभीर घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है।
आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त कोच की जांच के बाद ट्रेन को जल्द ही अपने गंतव्य सहरसा की ओर रवाना किया जाएगा।
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीमों ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरा में लिया और यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई। आग लगने की खबर फैलते ही यात्रियों में थोड़ी देर के लिए घबराहट फैली, लेकिन रेलवे कर्मचारियों और फायर यूनिट की तत्परता ने संभावित बड़ा हादसा टाल दिया।
यह घटना रेलवे सुरक्षा और आपात प्रतिक्रिया की तत्परता का उदाहरण बनकर सामने आई है।
