DURG CRIME NEWS: Retired employee swindled out of ₹45 lakh in the names of Sachin Tendulkar and Nirmala Sitharaman!
DURG CRIME NEWS: दुर्ग जिले के भिलाई में ठगों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और समाजसेवी सुधा मूर्ति के नाम के नाम पर रिटायर्ड BSP कर्मचारी से 45 लाख रुपए ऐंठ लिए.
पुलिस ने मध्यप्रदेश के बैतूल से आरोपी विशाल नागले (24) को गिरफ्तार किया है. अभी मास्टरमाइंड की तलाश जारी है। ठगों ने बीएसपी कर्मचारी को लिंक भेजा था, जिसमें रजिस्ट्रेशन फीस, ट्रेडिंग, मार्जिन, सोने-तेल में निवेश और टैक्स के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे लिए. इस तरह कुल 45 लाख 18 हजार 998 रुपए की ठगी की.
पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है. पीड़ित जयंत बागची (61) ने पुलिस को बताया कि 10 मार्च 2026 को वे मोबाइल पर फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें ऑनलाइन निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया.
इसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति जैसे बड़े नामों का इस्तेमाल किया गया था. विज्ञापन देखकर उन्हें लगा कि यह निवेश योजना भरोसेमंद है। उन्होंने विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन कर दिया.
रजिस्ट्रेशन के बाद कृतिका नाम की महिला ने उनसे संपर्क किया. उसने खुद को निवेश प्रक्रिया से जुड़ा बताया और वरिष्ठ नागरिक होने के आधार पर 18,998 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस मांगी.
पीड़ित ने ऑनलाइन यह रकम जमा कर दी. इसके बाद सिद्धार्थ विपुल नाम के व्यक्ति ने खुद को अकाउंट मैनेजर बताते हुए संपर्क किया.
उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश और विदेशों में कारोबार का दावा किया. आरोपियों ने बताया कि उनका कारोबार यूके, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में चलता है.
इसके बाद ठगों ने निवेश के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग तारीखों में बड़ी रकम जमा कराई। 17 मार्च को 1 लाख रुपए, जबकि 24 और 25 मार्च को 5-5 लाख रुपए जमा कराए गए. इसके अलावा आरोपियों ने मार्जिन बढ़ाने के नाम पर भी पीड़ित से और पैसे मांगे.
