CSCS SECURITY LAPSE : Wasim Babu, surrounded by criminal cases, gets players’ security, video goes viral
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CSCS) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारत–साउथ अफ्रीका ODI मैच के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा ऐसी टीम को सौंप दी गई, जिसके सदस्य आपराधिक मामलों में आरोपी हैं। इस बड़ी चूक का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भारतीय और अफ्रीकी खिलाड़ियों के पास वसीम बाबू दिखाई दे रहा है।
कौन है वसीम बाबू?
वसीम बाबू पर आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद CSCS ने उसी को और उसकी टीम को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी। इससे यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को खिलाड़ियों के इतने नजदीक क्यों रखा गया?
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
रायपुर में वसीम बाबू का पुराना रिकॉर्ड भी गंभीर है। लगभग छह महीने पहले अंबेडकर अस्पताल में उनके बाउंसर्स और पत्रकारों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। पत्रकार चाकूबाजी की घटना की रिपोर्टिंग करने अस्पताल पहुंचे थे, जहां वसीम के बाउंसर्स ने उन्हें रोक दिया। मामला बढ़ा, और बाउंसर्स ने पत्रकारों के साथ हाथापाई की। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के आधे सिर मुंडवाकर सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला था।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सुरक्षा पर उठा सवाल
इतने गंभीर मामलों के बावजूद ऐसे व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय मैच में खिलाड़ियों की सुरक्षा देना CSCS की कार्यशैली को संदेह के घेरे में ला रहा है। खेल प्रेमियों और विशेषज्ञों का कहना है कि यह न सिर्फ सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि खिलाड़ियों की जान जोखिम में डालने जैसा कदम है।

