CHHATTISGARH : Opportunity to add name in voter list, note the dates!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को लेकर बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, गलतियों में सुधार कराने और अपात्र नामों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा।
12 नवंबर को आएगी प्रारूप सूची
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को जारी होगी।
मतदान केंद्रों पर भी होगा बदलाव
मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और पुनर्गठन दो नवंबर तक पूरा किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाता रखे जाएंगे। केंद्र मतदाताओं के निवास से दो किलोमीटर के दायरे में और भवन के भूतल पर होना जरूरी होगा।
युवाओं को भी मिलेगा मौका
एक जनवरी 2027 को 18 साल पूरे करने वाले युवाओं के अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले नागरिक भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।
नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटाने या आपत्ति के लिए फार्म-7 और संशोधन या पता बदलने के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। आवेदन voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET मोबाइल ऐप से भी किया जा सकेगा। मदद के लिए 1950 टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और अन्य पात्र लोगों के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
