CG VIRAL VIDEO : स्कूलों में रील का खुमार, क्लासरूम में चाकू और फेयरवेल में स्टंट

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

CG VIRAL VIDEO : Schools are obsessed with reels, knives in the classroom, and farewell stunts.

रायपुर, 6 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से स्कूल छात्रों की लापरवाही और खतरनाक हरकतों के वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था की सख्ती और स्कूलों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कहीं क्लासरूम के भीतर छात्र चाकू लहराते दिखे, तो कहीं फेयरवेल के नाम पर स्कूल परिसर में कार और ट्रैक्टर से स्टंट किए गए।

क्लासरूम में चाकू लहराते छात्र

राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित मोवा के स्वामी आत्मानंद स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र क्लासरूम के अंदर चाकू लहराते हुए नाचते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य छात्र अपनी सीट पर बैठे दिखाई दे रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक छात्र सोशल मीडिया रील बनाने के उद्देश्य से चाकू लेकर स्कूल पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित छात्रों के परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की और सख्त समझाइश दी। घटना के समय कक्षा में शिक्षक की अनुपस्थिति ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने मामले को गंभीर बताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

फेयरवेल के नाम पर स्टंटबाजी

बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र स्थित छेछर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने स्कूल परिसर को स्टंट ग्राउंड बना दिया। ट्रैक्टर और कार से एंट्री कर तेज रफ्तार में स्टंट किए गए। बताया जा रहा है कि प्राचार्य की मौजूदगी के बावजूद छात्र बेखौफ रहे।

इससे पहले कटगी और कसडोल क्षेत्र से भी ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने स्कूल प्रशासन और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कवर्धा में नाबालिगों की कार राइड

कवर्धा जिले से भी एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें नाबालिग छात्र तेज रफ्तार कार चलाते और दरवाजे से बाहर लटककर स्टंट करते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक ये छात्र फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे और स्वयं वाहन चलाकर पहुंचे थे।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने साफ कर दिया है कि स्कूल परिसरों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की जरूरत है, वरना किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

 

 

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related