CHHATTISGARH : Danger looms over paddy crop, farmers’ worries increase!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के बदले मिजाज और चक्रवाती तूफान की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खरीफ सीजन में राज्य के करीब 36 से 40 लाख हेक्टेयर में धान की फसल लगी है। कई इलाकों में फसल पकने की स्थिति में है, ऐसे में लगातार बारिश से नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
खेतों में पानी भरा तो बिगड़ सकती है मेहनत
बारिश के कारण खेतों में जलभराव होने से पकी धान की फसल प्रभावित हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, ज्यादा पानी जमा रहने से पौधों के गिरने और धान के दाने काले पड़ने का खतरा रहता है। इससे किसानों की उपज और कमाई पर असर पड़ सकता है। जिन किसानों को प्रति एकड़ 21 से 30 क्विंटल तक उत्पादन की उम्मीद थी, उनकी चिंता बढ़ गई है।
कृषि विशेषज्ञों ने दी ये सलाह
मौसम की स्थिति को देखते हुए किसानों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। पक चुकी फसल की कटाई अगले 2 से 4 दिन टालने, खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने और कटी हुई फसल व चारे को ऊंची जगह पर सुरक्षित रखने को कहा गया है। फसल और चारे को तिरपाल से ढकने की सलाह भी दी गई है।
इसके अलावा, किसानों को सब्जियों की तुड़ाई कर जल्द बाजार पहुंचाने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। अगर बारिश या जलभराव से फसल को नुकसान होता है, तो किसान तुरंत अपनी बीमा कंपनी को सूचना दें।
अब मौसम की स्थिति पर किसानों की नजर है। आने वाले दिनों में बारिश का असर धान की फसल और किसानों की कमाई के लिए अहम हो सकता है।


