CG Weather: Possibility of heavy rain in Chhattisgarh today.
CG WEATHER: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर और दुर्ग संभाग सहित कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत होगी।
राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के किसानों को खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से धान सहित खरीफ फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। जिन क्षेत्रों में खेती का काम अभी बाकी है, वहां भी बारिश के बाद कृषि गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
